बिहार विधानसभा चुनाव 2025: पहले चरण में टूटा रिकॉर्ड, 65.08% वोटिंग के साथ बना नया इतिहास

 पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में मतदाताओं ने एक नया इतिहास रच दिया है। छह नवंबर को हुए मतदान का अंतिम आंकड़ा जारी हो गया है, और इस बार बिहार ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। निर्वाचन आयोग के मुताबिक पहले चरण में कुल 65.08 प्रतिशत वोटिंग हुई है, जो अब तक का सबसे अधिक मतदान है। इसने 2020 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव दोनों को पीछे छोड़ दिया है।

पहले चरण में कुल 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर वोट डाले गए, और बिहार की जनता ने लोकतंत्र के इस महापर्व में जबरदस्त उत्साह दिखाया। आयोग का कहना है कि यह आंकड़ा सिर्फ संख्या नहीं, बल्कि बिहार में लोकतांत्रिक जागरूकता और राजनीतिक भागीदारी की नई लहर का प्रतीक है।

2020 विधानसभा चुनाव में जहां मतदान 57.29 प्रतिशत था और 2024 लोकसभा चुनाव में यह आंकड़ा 56.28 प्रतिशत पर सिमट गया था, वहीं इस बार 65.08 प्रतिशत वोटिंग के साथ बिहार ने नया इतिहास रच दिया। इससे पहले वर्ष 2000 में 62.67 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि 1951-52 में यह सिर्फ 42.6 प्रतिशत था।

चुनाव आयोग के अनुसार इस बार मुजफ्फरपुर ने सबसे ज्यादा 70.96 प्रतिशत मतदान के साथ बाजी मारी। समस्तीपुर में 70.63 प्रतिशत, वैशाली में 67.37 प्रतिशत, मधेपुरा में 67.21 प्रतिशत, सहरसा में 66.84 प्रतिशत, खगड़िया में 66.36 प्रतिशत, लखीसराय में 65.05 प्रतिशत, मुंगेर में 60.40 प्रतिशत, सीवान में 60.31 प्रतिशत, नालंदा में 58.91 प्रतिशत और पटना में 57.93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

निर्वाचन आयोग ने बताया कि पहले चरण का मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण और उत्सवपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। सभी जिलों के प्रशासन ने मतदाताओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने में बेहतरीन काम किया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए जनता का आभार जताया। उन्होंने लिखा – “पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान के लिए बिहार की जनता को हार्दिक धन्यवाद। पिछले एक वर्ष में राज्य ने अभूतपूर्व प्रगति की है, और अब समय है कि बिहार सबसे विकसित राज्यों की श्रेणी में पहुंचे।”

नीतीश कुमार ने आगे कहा कि लोकतंत्र में मतदान सिर्फ अधिकार नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है, और जनता से अपील की कि 11 नवंबर को होने वाले दूसरे चरण के मतदान में भी इसी जोश और उत्साह के साथ भाग लें ताकि बिहार को आगे बढ़ाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *