बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं, एनडीए की चुनावी रैलियों में जोश चरम पर है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव गुरुवार को बिहार पहुंचे, जहां उन्होंने हाजीपुर और बबतापुर में भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान आयोजित विशाल जनसभाओं में हिस्सा लिया।
दोनों जगहों पर उमड़ी भारी भीड़ को देखकर अरुण साव ने मंच से एनडीए की जीत का दावा करते हुए कहा — “यह जो जनता का सैलाब उमड़ा है, यह साफ संकेत है कि बिहार में अबकी बार एनडीए की भारी जीत तय है।”
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा — “आज मैं हाजीपुर और बबतापुर में भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन कार्यक्रमों में शामिल हुआ। दोनों जगहों पर जो अपार उत्साह और समर्थन देखने को मिला, उसने यह साफ कर दिया कि जनता एक बार फिर सुशासन और विकास के पक्ष में खड़ी है।”
अरुण साव ने आगे कहा — “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार ने विकास की दिशा में तेज़ी से कदम बढ़ाए हैं। आज हर वर्ग और हर क्षेत्र की जनता का विश्वास एनडीए के साथ है, और आने वाले चुनाव में जनता इसका जवाब भारी बहुमत से देने वाली है।”
उनकी इस जनसभा में उमड़ी भीड़ और गूंजते नारों ने एक बार फिर बिहार की राजनीति में एनडीए के आत्मविश्वास की झलक दिखा दी है।

