सरकार ने गुंडों-माफियाओं को खुली छूट दे रखी है, देश-दुनिया में UP की छवि बर्बाद कर रही भाजपा: अखिलेश यादव का तीखा हमला

लखनऊ. सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर जोरदार निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में गुंडई और अराजकता चरम पर पहुंच चुकी है और भाजपाई गुंडे आम जनता के साथ-साथ पर्यटकों को भी प्रताड़ित और अपमानित कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने गुंडों और माफियाओं को खुली छूट दे रखी है और सत्ता के संरक्षण में ये तत्व कानून व्यवस्था और पुलिस पर भारी पड़ रहे हैं, जिससे देश और दुनिया में उत्तर प्रदेश की छवि लगातार खराब हो रही है।

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि प्रदेश में गुंडे और अराजक तत्व खुलेआम घूम रहे हैं, कहीं हथियार बांटे जा रहे हैं, कहीं पर्यटकों के साथ मारपीट हो रही है और कहीं बहन-बेटियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पुलिस प्रशासन का इकबाल खत्म हो चुका है और कानून के शासन का मजाक उड़ाया जा रहा है, जबकि मुख्यमंत्री और सरकार अराजक तत्वों की गतिविधियों पर चुप्पी साधे हुए हैं।

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार का जीरो टॉलरेंस का दावा पूरी तरह जीरो साबित हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है और आज इस सरकार में कोई भी सुरक्षित नहीं है। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार महिलाओं और बेटियों को सुरक्षा देने में नाकाम साबित हुई है और प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि हिंसक विचारधारा और हिंसक हथियारों को लोगों के घरों तक पहुंचाने वाले, देश की एकता और सामाजिक सौहार्द के दुश्मनों के खिलाफ आखिर कब कार्रवाई होगी और क्या कोई इन पर संज्ञान लेने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *