भोपाल में पहली बार फेमिना मिस इंडिया एमपी 2026 का ग्रैंड फिनाले, सिवनी की धनुश्री चौहान बनीं विजेता

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में उस वक्त ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जब 60 साल पुराने प्रतिष्ठित ब्रांड फेमिना मिस इंडिया का पहला स्टेट ग्रैंड फिनाले आयोजित किया गया। फेमिना मिस इंडिया मध्यप्रदेश 2026 का यह भव्य आयोजन मिंटो हॉल में हुआ, जहां पूरे प्रदेश से चुनी गई 16 प्रतिभागियों ने ताज के लिए दमदार मुकाबला किया।

इस रोमांचक प्रतियोगिता में सिवनी जिले की धनुश्री चौहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया। अपनी ग्रेस, आत्मविश्वास, इंटेलिजेंस और मजबूत पर्सनैलिटी के दम पर उन्होंने जजों और दर्शकों का दिल जीत लिया। अब धनुश्री राष्ट्रीय स्तर पर फेमिना मिस इंडिया 2026 में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी और देशभर की विजेताओं से मुकाबला करेंगी।

इस आयोजन की खास बात इसकी थीम रही “सस्टेनेबिलिटी फर्स्ट, जीरो वेस्ट इवेंट”। पूरा कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता के संदेश के साथ आयोजित किया गया, जो इस प्रतिष्ठित मंच की नई सोच को दर्शाता है। सौंदर्य और सामाजिक जिम्मेदारी का यह संगम कार्यक्रम की अलग पहचान बना।

इवेंट में फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 निकिता पोरवाल ने भी शिरकत की और नई विजेता को ताज पहनाया। प्रतियोगिता के शुरुआती दौर में 150 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से टॉप 16 फाइनलिस्ट्स का चयन हुआ।

धनुश्री चौहान की यह जीत न सिर्फ सिवनी बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए गर्व का क्षण है। उनकी सफलता प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है, यह संदेश देती हुई कि मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास के दम पर कोई भी सपना सच किया जा सकता है। भोपाल में फेमिना मिस इंडिया का यह पहला अध्याय प्रदेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की नई शुरुआत साबित हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *