आगे घोड़ी पर दूल्हा राजा, पीछे 10–12 बैलगाड़ियां, विदिशा में अनोखी बैलगाड़ी बारात बनी आकर्षण का केंद्र

विदिशा। आज के फास्ट लाइफ और लग्जरी शादियों के दौर में जहां बारातें कारों और बाइक्स से निकलती हैं, वहीं मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के सिरोंज में निकली एक अनोखी बारात ने सबका दिल जीत लिया।

मंडी रोड पर निकली यह बारात पूरी तरह पुराने रीति-रिवाजों से सजी नजर आई, आगे घोड़े पर सवार दूल्हा राजा की शाही सवारी थी और उसके पीछे फूलों से सजी 10 से 12 बैलगाड़ियां चल रही थीं, जिनमें बैठे बाराती पुराने जमाने की यादें ताजा कर रहे थे।

धीमी रफ्तार से चलती बैलगाड़ियां, ढोल-नगाड़ों की थाप और रास्ते भर लोगों की उत्सुक निगाहें इस नजारे को और भी खास बना रही थीं।

दूल्हा बने डॉक्टर प्रशांत ने बताया कि उनके पिता ने करीब दो महीने पहले से इस अनोखी बारात की प्लानिंग की थी और उन्हें बेहद खुशी है कि परंपरा के साथ निकली इस बारात को लोगों ने इतना पसंद किया।

बारात को देखकर राह चलते लोग रुक-रुक कर वीडियो बनाते दिखे और सोशल मीडिया पर यह नजारा तेजी से वायरल हो गया, जहां यूजर्स इसे सादगी, संस्कृति और अपनी जड़ों से जुड़े रहने की खूबसूरत मिसाल बता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *