रायसेन। मथुरा में संत की हत्या की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी कि अब रायसेन के प्रसिद्ध काल भैरव धाम के पीठाधीश्वर नाना गुरु सरकार को जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि अज्ञात युवक ने फोन कर उन्हें सख्त लहजे में चेतावनी दी कि शराब छुड़ाने की मुहिम तुरंत बंद कर दें, नहीं तो जान से हाथ धोना पड़ेगा, जिसके बाद इलाके में डर और चिंता का माहौल बन गया है।
नाना गुरु सरकार ने इस धमकी के बाद देवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रायसेन जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम सांचेत में काल भैरव धाम आस्था का बड़ा केंद्र है, जहां हर शनिवार को सैकड़ों लोग शराब छोड़ने की शपथ लेते हैं और यही मुहिम अब विवाद का कारण बनती नजर आ रही है।
धमकी देने वाले ने यहां तक कह दिया कि भीड़ में आकर ही उन्हें जान से मार दिया जाएगा, जिससे बाबा के अनुयायियों में भी डर का माहौल बना हुआ है।
हालांकि नाना गुरु सरकार ने साफ कहा है कि चाहे उनकी जान चली जाए, लेकिन बाबा काल भैरव की भक्ति और शराब छुड़ाने की यह मुहिम किसी भी हाल में बंद नहीं होगी और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस घटना के बाद संत समाज में भी चिंता बढ़ गई है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

