लिव-इन रिश्ते का खौफनाक अंजाम: प्रेमिका के घर घुसकर युवक ने चाकू से किया हमला, भाई की मौत, मां-बेटी घायल, आरोपी ने खुद को भी किया लहूलुहान

इंदौर। इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र की 60 फीट रोड पर सोमवार को रिश्तों का विवाद खूनी वारदात में बदल गया, जब एक युवक ने अपनी प्रेमिका के घर में घुसकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस सनसनीखेज हमले में युवती के भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि युवती और उसकी मां गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं।
पुलिस के अनुसार वेदांत सोलंकी नाम का युवक विधि लखावत के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था और दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी तनाव के चलते आरोपी गुस्से में विधि के घर पहुंचा और बिना कुछ कहे चाकू से हमला शुरू कर दिया। घर में मचे हड़कंप के बीच विधि और उसकी मां अनीता को बचाने के लिए भाई वेदांश सामने आया, लेकिन आरोपी ने उस पर भी बेरहमी से वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल वेदांश को अरबिंदो अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसने मोबाइल पर लाइव वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस वीडियो की जांच के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम की बारीकी से पड़ताल कर रही है। सूचना मिलते ही एरोड्रम थाना प्रभारी तरुण भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, घायलों को अस्पताल भिजवाया और घर से अहम साक्ष्य जुटाए गए। प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंधों में चल रहा तनाव ही इस खौफनाक वारदात की वजह माना जा रहा है, वहीं घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *