मौत का टीका, इंजेक्शन के बाद रातभर रोता रहा मासूम और सुबह थम गई सांसें

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के थाना पयागपुर क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां तीन महीने चौदह दिन के नवजात बच्चे बुद्ध सागर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि टीकाकरण के बाद ही मासूम की हालत बिगड़ने लगी थी।

मृतक बच्चे के चाचा विष्णु ने स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि गुरुवार शाम करीब चार बजे रायडीहा गांव में बच्चे को टीका लगाया गया था। टीका लगते ही मासूम लगातार रोने लगा और पूरी रात उसे कोई राहत नहीं मिली।

परिजनों के अनुसार बच्चा रातभर रोता रहा और शुक्रवार तड़के करीब चार बजे उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल बन गया।

परिजनों को आशंका है कि बच्चे को गलत इंजेक्शन लगाया गया, जिसके चलते उसकी जान चली गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मासूम की मौत की असली वजह साफ हो सकेगी, लेकिन फिलहाल यह घटना स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *