जबलपुर। ईरान और इजराइल के बीच जारी तनाव का असर अब आम लोगों की रसोई तक पहुंचने लगा है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच देशभर में महंगाई का एक और झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस यानी एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है, जबकि कमर्शियल गैस सिलेंडर 115 रुपये तक महंगा हो गया है। तेल कंपनियों ने नई कीमतें जारी कर दी हैं और ये बढ़े हुए दाम आज से ही लागू हो गए हैं।
इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम परिवारों के किचन बजट पर पड़ने वाला है। खास बात यह है कि मध्य प्रदेश में गैस सिलेंडर की कीमतें देश के बड़े शहरों दिल्ली और मुंबई से भी ज्यादा हो गई हैं।
नई दरों के मुताबिक घरेलू गैस सिलेंडर में 60 रुपये की बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत करीब 920 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर में करीब 114 से 115 रुपये तक का इजाफा हुआ है, जिसके बाद इसकी कीमत 2100 रुपये से भी ज्यादा हो गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर सीधे पेट्रोलियम उत्पादों पर पड़ता है। यही वजह है कि अब इस जंग का साइड इफेक्ट आम लोगों की रसोई तक महसूस किया जा रहा है, जहां गैस सिलेंडर महंगा होने से घरेलू खर्च का संतुलन फिर बिगड़ता नजर आ रहा है।

