दिल्ली बैठक में उठा अनुशासनहीनता का मुद्दा, कांग्रेस में सख्ती के संकेत, BJP का तंज

भोपाल। दिल्ली में आलाकमान के साथ मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन की अहम बैठक हुई, जहां प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने खुले तौर पर अनुशासनहीनता का मुद्दा उठाया।
बैठक के बाद हरीश चौधरी ने साफ कहा कि अब पार्टी लाइन से अलग चलने और गैर-जिम्मेदार बयान देने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अनुशासनहीनता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संगठन को मजबूत करने के लिए कठोर फैसले लिए जाएंगे।

हरीश चौधरी ने बताया कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस संगठन और विधायक दल मिलकर मजबूती से काम कर रहे हैं और इस बैठक में यह चर्चा हुई कि इस मजबूती को आगे कैसे बढ़ाया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसान, युवा, महिला और छात्र हर वर्ग के साथ अन्याय हो रहा है और कांग्रेस आने वाले दिनों में उनके हितों की रक्षा के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करेगी।

वहीं इस बैठक को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
बीजेपी मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि एमपी कांग्रेस अव्यवस्था, अहंकार और असफल नेतृत्व की मिसाल बन चुकी है।
उन्होंने लिखा कि जब प्रदेश प्रभारी और नेता प्रतिपक्ष को दिल्ली जाकर अपनी ही पार्टी की अनुशासनहीनता गिनानी पड़े, तो यह नेतृत्व की विफलता दर्शाता है।
बीजेपी ने तंज कसते हुए कहा कि जहां न विश्वास है, न दिशा और न जवाबदेही, वहां राजनीति नहीं बल्कि अराजकता बचती है, और एमपी कांग्रेस आज विपक्ष नहीं बल्कि आंतरिक कलह का संग्रहालय बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *