पति नहीं, कोई और निकला किडनैपर; डबरा से अगवा महिला गंज बासौदा से बरामद

डबरा (ग्वालियर)। मध्य प्रदेश के डबरा से अपहृत महिला को पुलिस ने गंज बासौदा से सुरक्षित दस्तयाब कर लिया है। इस सनसनीखेज मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से एक कार तथा एक पिस्टल भी बरामद की गई है। शुरुआत में महिला के पति पर अपहरण का आरोप लगाया गया था, लेकिन जांच में खुलासा हुआ कि किडनैपर कोई और ही निकला।

मामला डबरा के देहात थाना क्षेत्र का है, जहां प्रीति परिहार 25 फरवरी को अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए घर से निकली थी और उसी दौरान उसका अपहरण कर लिया गया। घटना के बाद परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर तलाश शुरू की। शुरुआती शक उसके पति भरत परिहार पर गया, क्योंकि दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था और महिला मायके में रह रही थी।

तलाशी के दौरान प्रीति की लोकेशन विदिशा और गंज बासौदा क्षेत्र में मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया। जांच में सामने आया कि प्रीति की पहचान अर्जुन परिहार नाम के युवक से हुई थी और दोनों के बीच करीब 28 हजार रुपये का लेनदेन हुआ था। इसी पैसों के विवाद को लेकर अर्जुन ने अपने साले सचिन धाकड़ उर्फ कंजा के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया और प्रीति को जबरन अपने घर गंज बासौदा ले गया।

बताया गया कि अपहरण के दौरान आरोपियों ने पिस्टल तानकर महिला को धमकाया और उसकी मां से फोन पर बात करवाई, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। हालांकि पुलिस लगातार सक्रिय रही और आखिरकार महिला को सुरक्षित बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा अपराध टल गया, लेकिन यह मामला कई सवाल भी छोड़ गया है कि आखिर व्यक्तिगत विवाद किस तरह आपराधिक साजिश में बदल गया। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *