850% मुनाफे का लालच पड़ा भारी, फर्जी ऐप के जरिए युवक से 36 लाख की ठगी

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर से एक बड़ी साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जहां थाटीपुर निवासी युवक हर्ष को 850 प्रतिशत तक मुनाफे का लालच देकर ठगों ने 36 लाख 66 हजार रुपये की भारी रकम ठग ली, ठगों ने पहले उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा और फिर निवेश के नाम पर एक फर्जी ऐप डाउनलोड करवा दिया

शुरुआत में ठगों ने बेहद चालाकी से फर्जी पे-वॉलेट में भारी मुनाफा दिखाकर युवक का भरोसा जीत लिया, जिससे हर्ष लगातार किस्तों में पैसे निवेश करता गया और देखते ही देखते लाखों रुपये उस फर्जी प्लेटफॉर्म में डाल दिए

लेकिन जब युवक ने अपनी रकम और दिखाया गया मुनाफा निकालने की कोशिश की तो बार-बार एरर आने लगा, कई बार प्रयास करने के बावजूद न तो पैसा निकला और न ही कोई जवाब मिला, तभी उसे समझ आया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है

इसके बाद पीड़ित ने तुरंत थाटीपुर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और तकनीकी आधार पर ठगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है

पुलिस का कहना है कि यह ठगों का एक सुनियोजित तरीका है, जिसमें हाई रिटर्न का लालच देकर लोगों को फर्जी ऐप्स पर निवेश करने के लिए उकसाया जाता है, ऐसे मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है और अभी तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं

ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, किसी भी अनजान व्हाट्सएप ग्रुप या मैसेज के जरिए मिलने वाले निवेश ऑफर पर भरोसा न करें, कोई भी ऐप डाउनलोड करने से पहले पूरी जांच करें और हमेशा SEBI से रजिस्टर्ड प्लेटफॉर्म का ही इस्तेमाल करें, वरना एक छोटी सी गलती आपको भारी नुकसान में डाल सकती है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *