अस्पताल की लापरवाही का दर्दनाक सच: खुले आसमान के नीचे महिला का प्रसव

भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिला अस्पताल से एक ऐसा दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है जिसने सिस्टम की पूरी पोल खोलकर रख दी है। एक प्रसूता महिला दर्द से कराह रही थी, अस्पताल पहुंच चुकी थी, लेकिन भर्ती प्रक्रिया में इतनी देरी हो गई कि उसे खुले आसमान के नीचे ही बच्चे को जन्म देना पड़ा। अस्पताल परिसर के बीचोंबीच जमीन पर लेटी इस महिला की पीड़ा देख हर किसी का दिल दहल जाए… पर हैरानी की बात यह है कि स्टाफ का रवैया फिर भी बेहद लापरवाह और ढीला बना रहा।

वीडियो में साफ दिखता है कि महिला प्रसव पीड़ा से परेशान होकर जमीन पर ही गिर पड़ी, आसपास कई लोग मौजूद थे—कोई वीडियो बना रहा था, कोई देख रहा था, लेकिन कोई आगे आकर मदद करने नहीं आया। ऐसे में एक समाजसेवी ने स्थिति को संभाला, आसपास मौजूद कुछ महिलाओं के साथ मिलकर प्रसूता के चारों तरफ पर्दा लगवाया ताकि कम से कम थोड़ी गोपनीयता बनी रहे। इसी दौरान महिला ने एक स्वस्थ नवजात शिशु को जन्म दे दिया, लेकिन वह खुद खून से लथपथ थी और मदद के लिए तरस रही थी।

बाद में लेबर रूम की महिला कर्मचारी पहुंचीं, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। समाजसेवी और अस्पताल स्टाफ के बीच बहस भी हुई, वहीं प्रसूता के परिजनों ने स्पष्ट तौर पर अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए।

यह घटना सिर्फ एक प्रसूता की पीड़ा नहीं, बल्कि सिस्टम की उस चौंका देने वाली नाकामी का चेहरा है, जहां ज़िंदगी और मौत के बीच झूलती महिला को समय पर इलाज तक नसीब नहीं हुआ। अस्पताल परिसर में खुले आसमान के नीचे हुआ ये प्रसव स्वास्थ्य सेवाओं पर बड़ा सवाल खड़ा करता है कि आखिर ऐसी लापरवाही कब तक?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *