कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के बयान से पार्टी ने झाड़ा पल्ला, संगठन प्रभारी बोले- यह निजी राय, बलात्कार का कोई जाति-धर्म नहीं होता

भोपाल। महिलाओं और बच्चियों को लेकर कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के आपत्तिजनक बयान के बाद मध्य प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। बयान सामने आते ही भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला, वहीं खुद विधायक बरैया को भी चौतरफा विरोध का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ते विवाद के बीच अब मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन ने इस बयान से साफ तौर पर किनारा कर लिया है।

प्रदेश कांग्रेस संगठन प्रभारी संजय कामले ने फूल सिंह बरैया के बयान को उनका व्यक्तिगत विचार बताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस सोच से सहमत नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बलात्कार एक आपराधिक मानसिकता है, जिसका किसी भी जाति या धर्म से कोई संबंध नहीं होता। दुष्कर्म किसी खास समाज को देखकर नहीं होता, बल्कि यह विकृत सोच रखने वाले अपराधी करते हैं।

संजय कामले ने आगे कहा कि सुंदरता देखने वाले की आंखों में होती है और हर बच्चा अपने माता-पिता के लिए सबसे सुंदर होता है। यदि इस मामले में पार्टी को कोई औपचारिक शिकायत मिलती है तो कांग्रेस की अनुशासन समिति पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेगी।

दरअसल, कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने एक इंटरव्यू के दौरान बेहद विवादित और आपत्तिजनक बातें कही थीं। उन्होंने दावा किया था कि खूबसूरत लड़की दिखने पर दिमाग विचलित हो सकता है और रेप जैसी घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने यहां तक कह दिया कि एससी, एसटी और ओबीसी समाज में खूबसूरत लड़कियां नहीं होतीं और कुछ ग्रंथों का हवाला देते हुए यह दावा किया कि अनुसूचित जाति की महिलाओं के साथ सहवास को पुण्य बताया गया है।

बरैया ने ‘रुद्रयामल तंत्र’ नामक पुस्तक का उल्लेख करते हुए यह भी कहा कि इसी मानसिकता के कारण एससी, एसटी और ओबीसी समाज की महिलाएं और बच्चियां यौन अपराधों का शिकार होती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि रेप अक्सर अकेला व्यक्ति नहीं बल्कि कई लोग मिलकर करते हैं और इसी विकृत सोच की वजह से मासूम बच्चियों तक के साथ अपराध हो रहे हैं।

इन बयानों के सामने आने के बाद कांग्रेस पार्टी पर दबाव बढ़ गया, जिसके बाद संगठन ने साफ कर दिया कि यह बयान विधायक का निजी विचार है और पार्टी इससे सहमत नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *