भोपाल। मध्यप्रदेश में चयनित शिक्षक अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है और राजधानी भोपाल में भूख हड़ताल पर बैठे अभ्यर्थियों ने आज मुंडन कराकर अपना आक्रोश जताया है, उनका आंदोलन लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा और सरकार से जल्द फैसला लेने की मांग तेज होती जा रही है।
सोमवार को भी अभ्यर्थियों ने पैदल मार्च निकालकर डीपीआई कार्यालय का घेराव किया था और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की थी, अभ्यर्थियों का कहना है कि हजारों पद खाली होने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया में घोषित सीटों की संख्या कम कर दी गई है और भर्ती परीक्षाएं ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रही हैं।
अभ्यर्थियों के मुताबिक कुल 13 हजार पदों पर ही भर्ती निकाली गई है जबकि माध्यमिक शिक्षक के करीब 10 हजार पद रिक्त पड़े हैं और प्राथमिक शिक्षक के भी लगभग 3 हजार पद खाली हैं, इसके बावजूद जरूरत के हिसाब से भर्तियां नहीं की जा रहीं और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
चयनित अभ्यर्थी 25 हजार पदों पर भर्ती की मांग कर रहे हैं और साथ ही भर्ती के दूसरे चरण को शुरू करने की भी मांग उठा रहे हैं, मांगें नहीं माने जाने से नाराज अभ्यर्थियों ने आज मुंडन कराकर और प्रतीकात्मक रूप से अर्धनग्न होकर विरोध प्रदर्शन किया और साफ कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस फैसला नहीं लेती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

