भोपाल। मध्यप्रदेश में खाद की कमी को लेकर किसान परेशान हैं और कई जगह प्रदर्शन हो रहे हैं। लेकिन कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने इन प्रदर्शन को फर्जी और पूर्व नियोजित करार दिया है। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कृषि मंत्री दो साल का रिपोर्ट कार्ड पेश कर रहे थे। खाद की कमी और प्रदर्शन के सवाल पर उन्होंने कहा कि खाद की लाइन में लगे हुए वीडियो प्री प्लान होते हैं। लोगों को लाइन में खड़ा किया जाता है, फिर कोई थप्पड़ मारता है, कोई हंगामा करता है। प्रदेश में खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। खाद को लेकर होने वाले प्रदर्शन फर्जी हैं और कांग्रेस यह भ्रम फैला रही है।
कृषि मंत्री ने बताया कि कृषि विभाग का बजट 2002-03 में 600 करोड़ था जो 2024-25 में बढ़कर 27,050 करोड़ रुपए हो गया है। 2024-25 में कृषि का रकबा 297 लाख हेक्टेयर पहुंच चुका है। सिंचाई क्षमता भी 55 लाख हेक्टेयर हो गई है। मक्का उत्पादन में मध्यप्रदेश पहले और दलहन उत्पादन में तीसरे स्थान पर है।
प्रदेश के 29 जिलों के 27 लाख 28 हजार किसानों को 1860.23 करोड़ की राहत राशि वितरित की गई। 2024-25 में 35 लाख से अधिक किसानों को 275.86 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया।
सोयाबीन भावांतर भुगतान योजना में 9.36 लाख किसानों ने पंजीयन कराया। 5.98 लाख किसानों ने 13.89 लाख मीट्रिक टन सोयाबीन मंडियों में बेचा है। 2.67 लाख किसानों के खातों में भावांतर राशि के रूप में 482 करोड़ ट्रांसफर किए गए।
नकली खाद के खिलाफ अब तक प्रदेश में 95 FIR दर्ज की जा चुकी हैं।

