बिहार में फिर लौटेगी डबल इंजन की सरकार — CM धामी का बड़ा बयान, बोले जनता अब जंगलराज से बाहर निकल चुकी है

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज रामनगर में आयोजित उत्तराखंड रजत जयंती कार्यक्रम में पहुंचे, जहां उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। सीएम धामी ने कहा कि बिहार में एक बार फिर डबल इंजन की सरकार लौटने जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह बिहार में विकास हुआ है — स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार, सड़कों का जाल, सुशासन की स्थापना और जंगलराज का अंत — ये सब डबल इंजन की सरकार की देन है। आज बिहार नई दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अब बिहार की जनता जंगलराज से बाहर निकल चुकी है। अब लोग सिर्फ और सिर्फ विकास चाहते हैं, वे सुशासन की सरकार को ही वोट देंगे। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है, माताओं और बहनों को सम्मान मिला है, और यही वजह है कि आज महिलाएं रिकॉर्ड तोड़ मतदान कर रही हैं।

सीएम धामी ने कहा कि बिहार की जनता जानती है कि एनडीए ही वह सरकार है जो स्थिरता और विकास दोनों ला सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। चाहे सड़कें हों, शिक्षा, स्वास्थ्य या रोज़गार — हर क्षेत्र में भारत और बिहार विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने उत्तराखंड की 25वीं वर्षगांठ को राज्य के लिए गर्व का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने विकास की नई ऊँचाइयाँ छुई हैं और आने वाला दशक उत्तराखंड का ‘स्वर्णिम दशक’ साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *