चंदौली. नकली शादी के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जहां दलाल गरीब परिवारों और शादी के इच्छुक युवकों को अपने जाल में फंसाकर फर्जी शादी रचाते हैं और फिर लुटेरी दुल्हन के फरार होने का नाटक किया जाता है। ताजा मामला मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के काली मंदिर के सामने स्थित वीआईपी गेट का है, जहां शादी के तुरंत बाद दुल्हन के भागने से पहले ही पूरा खेल उजागर हो गया।
जानकारी के मुताबिक मथुरा के रहने वाले एक युवक की शादी चकिया क्षेत्र की युवती से कराई गई थी। शादी के बाद दूल्हा जब दुल्हन को लेकर अपने घर मथुरा लौट रहा था, तभी मुगलसराय के वीआईपी गेट पर दुल्हन ने अचानक घर जाने से इनकार कर दिया और तरह-तरह के बहाने बनाने लगी। दुल्हन के इस व्यवहार से दूल्हे और उसके परिजनों को शक हुआ और उन्होंने शादी कराने वाले एजेंट से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन तब तक एजेंट 20 हजार रुपये नकद और करीब 80 हजार रुपये के जेवर लेकर फरार हो चुका था। खुद को ठगा महसूस करने पर पीड़ित पक्ष ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हा-दुल्हन दोनों को मुगलसराय कोतवाली ले जाकर पूछताछ शुरू की। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार दलाल की तलाश जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चंदौली जिले में इस तरह के लुटेरी गिरोह पहले से सक्रिय हैं और इससे पहले भी पीपी सेंटर के सामने दुल्हन के फरार होने का मामला सामने आ चुका है। पुलिस का कहना है कि नकली शादियों के जरिए ठगी करने वाले ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

