पटना। हाई कोर्ट के आदेश पर शिवनंदन नगर गांव में दो दिन पहले गरीब परिवारों के घरों पर बुलडोजर चला और पलक झपकते ही लोगों की पूरी ज़िंदगी मलबे में बदल गई। अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद बेघर हो चुके इन परिवारों से मुलाकात करने पहुंचे जमुई सांसद अरुण भारती और गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने पीड़ितों की बातें सुनीं। सांसद अरुण भारती ने कहा कि कोर्ट का आदेश सर्वोपरि है, लेकिन किसी भी सरकार की नीयत गरीबों को बेघर छोड़ने की नहीं हो सकती। उन्होंने आश्वासन दिया कि लोजपा (रामविलास) हर तरह की मदद के लिए साथ खड़ी है और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग सरकार तक पहुंचाई जाएगी।
इसी बीच बुलडोज़र कार्रवाई पर तेज प्रताप यादव की टिप्पणी पर सांसद अरुण भारती ने निशाना साधा और कहा कि पटना में बैठकर बयान देना या सोशल मीडिया पर रील बनाना आसान है, लेकिन इससे जनता का दर्द नहीं समझा जा सकता। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि छोटे-भैया नेताओं को ग्राउंड जीरो पर आकर सच्चाई देखनी चाहिए, तभी उन्हें असल हालात का अंदाज़ होगा।
गांव में इस कार्रवाई के बाद बेचैनी लगातार बढ़ रही है। कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं, और मलबे के बीच खड़े लोग सिर्फ एक सवाल पूछ रहे हैं—अब हमारी ज़िंदगी दोबारा कैसे शुरू होगी? एक तरफ लोगों की तकलीफ़ है, दूसरी तरफ राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो चुकी है। अब निगाहें सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं कि क्या इन बेघर परिवारों को राहत मिलेगी या यह विवाद और गहराएगा।

