‘संघ दुनिया का सबसे खतरनाक परिवार…’ अखिलेश यादव का BJP पर तीखा हमला, बोले– लोकतंत्र बचाने के लिए भाजपा को सत्ता से बाहर करना जरूरी

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शिक्षा, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि संघ परिवार दुनिया का सबसे खतरनाक परिवार है और आरएसएस व भाजपा से देश को सावधान रहने की जरूरत है। अखिलेश यादव ने साफ कहा कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए भाजपा को सत्ता से बाहर करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा नेता किरण रिजिजू खुद मान चुके हैं कि एनडीए कोई राजनीतिक गठबंधन नहीं, बल्कि पारिवारिक गठबंधन है।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा जनता से झूठ बोलती है और झूठे वादों के सहारे सत्ता में बनी रहती है। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों को लेकर झूठा प्रचार किया गया और एक फर्जी नैरेटिव खड़ा किया गया, जबकि मतदाता सूची के एसआईआर प्रक्रिया में एक भी घुसपैठिया नहीं मिला। भाजपा झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने, भ्रष्टाचार करने और सरकारी धन की लूट में माहिर है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश की जनता को परेशानियों में झोंक दिया है और आज आम लोग बेहद दुखी हैं।

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने बूथ पर मजबूती से काम करें। वोट बचाना और बूथ जिताना समाजवादी पार्टी के हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने फार्म-6 के जरिए छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने और भाजपा की चालाकियों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में कोई चूक नहीं होनी चाहिए।

अखिलेश यादव ने कहा कि जनता का भरोसा समाजवादी पार्टी पर है और सभी को पार्टी से जोड़ने का काम करना होगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने ही प्रदेश में विकास के काम किए हैं, जबकि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। आज हर विभाग में भ्रष्टाचार फैला हुआ है, प्रदेश अपराधियों की गिरफ्त में है, महिला अपराध और साइबर क्राइम लगातार बढ़ रहे हैं और अपराधी खुलेआम हत्याएं कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राजधानी लखनऊ के बड़े अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में भी गुणवत्तापूर्ण इलाज नहीं मिल पा रहा है, क्योंकि भाजपा सरकार संस्थाओं को पर्याप्त बजट नहीं देती। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार के समय गरीबों का इलाज मुफ्त होता था। समाजवादी पार्टी ने लोहिया संस्थान, सैफई मेडिकल कॉलेज और विश्वस्तरीय कैंसर संस्थान बनवाए, केजीएमसी और पीजीआई जैसी संस्थाओं में सुविधाएं बढ़ाईं, लेकिन भाजपा सरकार ने सब कुछ खराब कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का चरित्र अमानवीय और संवेदनहीन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *