दबंगों ने सरपंच का किया किडनैप, जंगल ले जाकर बेरहमी से पीटा और छोड़कर हुए फरार

मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले से कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद नजर आए कि उन्होंने सीधे एक जनप्रतिनिधि को ही अगवा कर लिया। मामला शनिवार का है, जब विकास कार्य को लेकर नाराज बदमाशों ने सरपंच का अपहरण कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।

यह घटना चिन्नौनी क्षेत्र की बताई जा रही है। गुजरना ग्राम पंचायत के सरपंच रामलखन जाटव उस समय अपने घर पर मौजूद थे, तभी करीब 20 से 25 की संख्या में बदमाश वहां पहुंचे और जबरन उन्हें गाड़ी में बैठाकर जंगल की ओर ले गए। जंगल में ले जाकर सरपंच के साथ जमकर मारपीट की गई और इसके बाद आरोपियों ने उन्हें कैलारस क्षेत्र में छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद गंभीर हालत में सरपंच को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि विकास कार्य नहीं देने से नाराज दबंगों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

सरपंच रामलखन जाटव ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं और अब तक हुई कार्रवाई से असंतोष जताया है। इस घटना ने एक बार फिर मुरैना जिले में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *