मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज छतरपुर ज़िले के चंद्रनगर के पास स्थित द ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए, जहाँ उन्होंने बुंदेलखंड को मिली इस नई सौगात को गेम-चेंजर बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पाँच सितारा होटल के खुलने से न केवल पर्यटन को नई उड़ान मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी तैयार होंगे। खजुराहो की सुंदरता की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खजुराहो के पत्थर बोलते हैं, और यही वजह है कि दुनिया भर के पर्यटक यहाँ खिंचे चले आते हैं।
कार्यक्रम में ओबेरॉय ग्रुप के मालिक अर्जुन ओबेरॉय ने बताया कि यह हेरिटेज प्रॉपर्टी भारत की आत्मा— मध्यप्रदेश की संस्कृति, सभ्यता और विविधता— को दर्शाती है। 350 साल पुरानी ऐतिहासिक धरोहर की पृष्ठभूमि पर बना यह पैलेस स्थानीय और वैश्विक डिज़ाइन से तैयार कमरों के साथ पर्यटकों को अलग ही अनुभव देगा। इस दौरान खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने भी इस बड़ी सौगात पर खुशी जताई और वंदे भारत एक्सप्रेस के जरिए लगातार बढ़ रहे पर्यटन को लेकर सरकार की पहल की सराहना की।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने एक बड़ा आंकड़ा साझा करते हुए बताया कि इस साल मध्यप्रदेश में पर्यटकों की संख्या में 526 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज हुई है। पिछले साल 13 करोड़ 41 लाख पर्यटक प्रदेश घूमने आए थे— जो एक बेहद विशाल आंकड़ा है और लगातार बढ़ रहा है। कार्यक्रम के अंत में ओबेरॉय ग्रुप के मालिक अर्जुन ओबेरॉय ने मुख्यमंत्री को भगवान कृष्ण की एक सुंदर मूर्ति भेंट की।

