मध्य प्रदेश के सागर जिले के मकरोनिया क्षेत्र निवासी असद खान ने इस्लाम धर्म त्याग कर सनातन धर्म अपना लिया है। सोमवार को वह वाराणसी पहुंचे, जहां वैदिक विधि-विधान के साथ धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी की गई और उन्होंने नया नाम अथर्व त्यागी धारण किया।
वाराणसी के अस्सी घाट पर वैदिक विधि से हुआ संस्कार
जानकारी के अनुसार वाराणसी के अस्सी घाट पर पंडितों की मौजूदगी में पंचगव्य और गंगा स्नान के बाद शुद्धिकरण संस्कार कराया गया। इसके पश्चात मुंडन, हवन और पूजन की विधियां संपन्न हुईं। अथर्व त्यागी ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन कर शिवलिंग पर अभिषेक भी किया, जिसके बाद भंडारे के साथ धार्मिक प्रक्रिया पूर्ण की गई।
आत्मिक शांति के लिए लिया निर्णय
अथर्व त्यागी ने बताया कि उन्होंने यह निर्णय किसी दबाव में नहीं, बल्कि आत्मिक शांति और अपनी व्यक्तिगत आस्था के आधार पर लिया है। उनका कहना है कि वह लंबे समय से सनातन परंपरा और भगवान महाकाल में विश्वास रखते थे, इसी भावना ने उन्हें यह कदम उठाने के लिए प्रेरित किया।
परिवार में अकेले अपनाया सनातन धर्म
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके परिवार में फिलहाल केवल उन्होंने ही सनातन धर्म अपनाया है। सागर से वाराणसी तक का यह धार्मिक सफर अब स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

