ताजमहल में फहराया गया तिरंगा, हिंदू संगठन ने ली जिम्मेदारी, बोले– सीएम योगी के आह्वान पर किया आयोजन

आगरा.गणतंत्र दिवस के मौके पर ताजमहल परिसर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराए जाने का मामला सामने आया है। इस दौरान राष्ट्रगान भी गाया गया। बताया जा रहा है कि यह पहला अवसर है जब 26 जनवरी को ताजमहल परिसर में तिरंगा फहराया गया और राष्ट्रगान हुआ। हालांकि इस पूरे मामले पर अभी तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ताजमहल परिसर में तिरंगा फहराने की जिम्मेदारी अखिल भारत हिंदू महासभा ने ली है। संगठन के पदाधिकारियों नंदू कुमार, जो शहर महामंत्री हैं, और नितेश भारद्वाज, मंडल महामंत्री, ने ताजमहल में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रगान किया।

अखिल भारत हिंदू महासभा का कहना है कि यह आयोजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस आह्वान के तहत किया गया, जिसमें मदरसों और मस्जिदों सहित सभी स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने की बात कही गई थी। संगठन का दावा है कि इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए गणतंत्र दिवस पर ताजमहल परिसर में तिरंगा फहराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *