दोबारा पोस्टमार्टम में खुला सच, मासूम की हार्ट अटैक नहीं गला दबाकर हत्या, आरोपी महिला गिरफ्तार

सिंगरौली। जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ है, जहां मासूम बच्ची की मौत को पहले हार्ट अटैक बताया गया था, लेकिन दोबारा पोस्टमार्टम में सच कुछ और ही निकला। पुलिस ने इस अंधेकत्ल मामले में आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि 22 फरवरी को बच्ची के लापता होने की शिकायत दर्ज हुई थी, जिसके बाद तत्काल तलाश शुरू कर दी गई थी।

23 फरवरी को बच्ची का शव घर के पास खेत में गेहूं की फसल के बीच मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चितरंगी सीएससी में पोस्टमार्टम कराया, जहां शुरुआती रिपोर्ट में मौत की वजह हार्ट अटैक बताई गई और शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बच्ची को दफना दिया, लेकिन संदेह गहराने पर दोबारा जांच की मांग उठी। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद शव को कब्र से निकलवाकर रीवा मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

रीवा में दोबारा पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ कि बच्ची की मौत गला दबाकर की गई हत्या से हुई है। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज की और संदेह के आधार पर ग्राम नेवारी निवासी रानी पनिका से पूछताछ की। पूछताछ में चौंकाने वाला सच सामने आया। आरोपी महिला को शक था कि उसके पति और मृत बच्ची की मां के बीच अवैध संबंध हैं। इसी शक में उसने मासूम की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को खेत में छिपा दिया। पुलिस ने सोमवार को आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *