सहारनपुर। जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र के शिमलाना गांव में पांच महीने पहले हुई मंटू की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस हत्याकांड को किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि खुद मंटू की पत्नी पूजा ने अपने प्रेमी सौरभ के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने जांच पूरी करते हुए पत्नी को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश कर दिया है।
मंटू और सौरभ दोनों मिलकर टेंट का काम करते थे, इसी वजह से सौरभ का मंटू के घर आना-जाना बढ़ गया था। इसी दौरान पूजा और सौरभ के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। इस रिश्ते की भनक मंटू को लग चुकी थी। चार बच्चों का पिता मंटू अपनी पत्नी को बार-बार समझाता रहा, बच्चों का वास्ता देता रहा, लेकिन पूजा अपने प्रेमी से दूरी बनाने को तैयार नहीं हुई।
आखिरकार पूजा ने प्रेमी सौरभ के साथ मिलकर अपने पति को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। तय योजना के तहत सौरभ ने मंटू पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मंटू हत्याकांड में पत्नी पूजा की भूमिका सामने आने के बाद उसे भी आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। अब इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

