इटावा। जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है, जहां शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी आग में 2 साल की मासूम बच्ची की जिंदा जलकर मौत हो गई। बिस्तर पर लेटी बच्ची आग की चपेट में आ गई और कुछ ही पलों में उसकी सांसें थम गईं। इस हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और रो-रोकर उनका बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह दर्दनाक घटना बकेवर थाना क्षेत्र के भवानीपुरा गांव की है। सुबह करीब 8 बजे एक घर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कमरे में बिस्तर पर लेटी दो साल की नेत्रहीन बच्ची शान्या उसकी चपेट में आ गई। मासूम बुरी तरह झुलस गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक हादसे के वक्त बच्ची के माता-पिता उसके पास मौजूद नहीं थे। पिता आदित्य कुमार काम के सिलसिले में बाबरपुर औरैया की गैस एजेंसी गए हुए थे, जबकि मां अंशू घर पर ही थी और छत पर उपले बना रही थी। इसी दौरान कमरे में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। जब तक परिवार कुछ समझ पाता और मदद पहुंचती, तब तक आग ने सब कुछ तबाह कर दिया और मासूम की जिंदगी छिन गई।

