दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान एक युवक के सुसाइड करने की आशंका जताई जा रही है। आत्महत्या से पहले युवक ने एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने अपनी पत्नी, सास और साले पर गंभीर आरोप लगाए और अपनी मौत का जिम्मेदार इन्हीं तीनों को ठहराया।
जानकारी के मुताबिक युवक के सिंध नदी में कूदकर आत्महत्या करने की आशंका है। युवक का मोबाइल फोन सिंध नदी के घाट पर बरामद हुआ है, जिसके बाद पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन में जुट गई है। हालांकि अब तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है और लगातार तलाश जारी है।
बताया जा रहा है कि युवक की मां की शिकायत पर पहले ही पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। इसी बीच युवक द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसने पूरे मामले को और भी गंभीर बना दिया।
वीडियो के आखिर में युवक लोगों से उसकी मां का ख्याल रखने की अपील करता नजर आता है। फिलहाल पुलिस और एनडीआरएफ की टीम सिंध नदी और आसपास के इलाकों में युवक की तलाश कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

