नीमच। मध्यप्रदेश के नीमच शहर में स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में दिनदहाड़े चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक चोर मंदिर में घुसकर दानपेटी उठाकर सीधे छत पर ले गया और उसे तोड़कर नगदी लेकर फरार हो गया।
यह पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि चोर ने सुनसान समय का फायदा उठाते हुए तेजी से दानपेटी उठाई और छत पर जाकर उसे तोड़ दिया, फिर उसमें रखी रकम लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना का खुलासा तब हुआ जब मंदिर के पुजारी छत पर पहुंचे और वहां टूटी हुई खाली दानपेटी पड़ी मिली।
गौर करने वाली बात यह है कि इस मंदिर में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में आक्रोश बढ़ गया है।
शहर के व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

