रायसेन। मध्य प्रदेश के बेगमगंज में पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर बड़ी चोरी का खुलासा कर सनसनी फैला देने वाले मामले को सुलझा लिया। 3 लाख 70 हजार रुपये की नकदी चोरी की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया था, लेकिन पुलिस की तत्परता से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना 21 और 22 फरवरी की दरमियानी रात की है, जब घोषी मोहल्ला निवासी रितेश जैन की हार्डवेयर दुकान को निशाना बनाया गया। सुबह दुकान खुली तो सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले से पूरी नकदी गायब थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 49/26 के तहत धारा 331(4) और 305(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसडीओपी सोनाली गुप्ता और थाना प्रभारी राजीव उईके के नेतृत्व में टीम ने 15 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद ली गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अनिल कुशवाहा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि पीछे से शटर खोलकर कैमरे का कनेक्शन काटा, डीवीआर हटाया और नकदी लेकर फरार हो गया। उसके घर से 3 लाख 60 हजार रुपये नकद, कैमरा और डीवीआर बरामद किए गए। इस मामले में उसके पिता गणेशराम कुशवाहा को भी सह-आरोपी बनाया गया है।
मामले के त्वरित खुलासे पर एसपी आशुतोष गुप्ता ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। आठ घंटे में चोरी का पर्दाफाश कर पुलिस ने यह दिखा दिया कि अपराधियों के लिए अब बच निकलना आसान नहीं है।

