भोपाल। महाकुंभ की वायरल साध्वी और सनातन प्रचारक हर्षा रिछारिया एक बार फिर अपने तीखे बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने कहा है कि अगर स्वाभिमान और मान-सम्मान की बात आएगी तो फिर इसी भारत में महाभारत होगी और आखिरी सांस तक लड़ने को तैयार हैं। हर्षा रिछारिया का यह बयान IAS संतोष वर्मा के हालिया विवादित बयान के बाद सामने आया है, जिसने पूरे समाज में नाराजगी पैदा कर दी है।
हर्षा रिछारिया ने कहा कि IAS संतोष वर्मा यह कह रहे हैं कि हर घर से संतोष वर्मा निकलेगा, जिसका मतलब है कि वे चाहते हैं कि हर घर से ऐसी ही घटिया मानसिकता के लोग निकलें। उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर ऐसा है तो वह भी चाहती हैं कि हर ब्राह्मण परिवार से दुर्गा निकले, काली निकले और खप्परधारी निकले, ताकि जरूरत पड़ने पर अन्याय के खिलाफ खड़े हो सकें। उन्होंने साफ कहा कि जब बात आत्मसम्मान की होगी तो संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगी।
हर्षा रिछारिया ने सवाल उठाया कि क्या संतोष वर्मा के घर में बेटी नहीं है और ऐसी सोच रखने वाला व्यक्ति समाज को क्या दिशा दिखाएगा। उन्होंने कहा कि बेटी किसी भी जाति, धर्म या परिवार की हो, बेटी तो बेटी ही होती है और बेटियों पर अभद्र टिप्पणी कर कोई गर्व कैसे महसूस कर सकता है। उन्होंने समाज के जिम्मेदार लोगों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग ऐसी सोच का समर्थन कर रहे हैं, जो बेहद शर्मनाक है।
दरअसल, IAS संतोष वर्मा का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे कहते नजर आ रहे हैं कि कितने संतोष वर्मा को मारोगे, जलाओगे या निगल जाओगे क्योंकि हर घर से संतोष वर्मा निकलेगा। इस वीडियो के सामने आने के बाद विवाद और तेज हो गया है और बयानबाजी का दौर लगातार जारी है।

