6 फरवरी तक समय है नहीं तो 7 फरवरी को दिल्ली कूच, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से आशीर्वाद लेकर आंदोलन की तैयारी

वाराणसी. शंकराचार्य और यूजीसी विवाद को लेकर बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा देने वाले अलंकार अग्निहोत्री रविवार देर रात वाराणसी पहुंचे और उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में अलंकार ने बताया कि महाराज जी मौन व्रत पर थे, इसलिए ज्यादा बातचीत नहीं हो सकी, लेकिन उन्होंने लिखकर उनका हालचाल पूछा और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अलंकार अग्निहोत्री ने एसटी-एससी एक्ट को लेकर बड़े आंदोलन की तैयारी का ऐलान किया।

अलंकार ने कहा कि अगर सरकार एसटी-एससी एक्ट को वापस नहीं लेती है तो इसके खिलाफ देशव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा और 7 फरवरी को दिल्ली कूच किया जाएगा। उन्होंने इसे आमूलचूल परिवर्तन की शुरुआत बताया और कहा कि किसी भी बड़े और सकारात्मक कार्य से पहले गुरुजनों का आशीर्वाद लेना भारतीय परंपरा है, इसी भावना के साथ वे काशी पहुंचे हैं। उनके मुताबिक शंकराचार्य का आशीर्वाद उनके आंदोलन को नैतिक और आध्यात्मिक बल देगा और धर्म व समाज को अलग-अलग खांचों में बांटकर नहीं देखा जाना चाहिए क्योंकि दोनों का उद्देश्य समाज का कल्याण है।

मीडिया के सामने अलंकार अग्निहोत्री ने साफ कहा कि यदि 6 फरवरी तक संसद का विशेष सत्र बुलाकर एससी-एसटी एक्ट को समाप्त नहीं किया गया तो 7 फरवरी से देशभर से लोग दिल्ली की ओर कूच करेंगे। उन्होंने दावा किया कि यह आंदोलन अब किसी एक व्यक्ति या संगठन तक सीमित नहीं रहा है बल्कि पूरे देश में इसके लिए माहौल बन चुका है और अगर सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो जनता सत्ता परिवर्तन के लिए सड़कों पर उतर आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *