खंडवा। कहते हैं जब सामान मुफ्त में मिले तो इंसान का सब्र जवाब दे देता है और ऐसा ही नजारा खंडवा जिले के ओंकारेश्वर में देखने को मिला जहां तहसील कार्यालय के पास राजस्व विभाग द्वारा जब्त की गई मिर्ची हल्दी धनिया और जीरे के पैकेटों को लेकर सड़क पर अफरा तफरी मच गई और देखते ही देखते खुलेआम लूटपाट शुरू हो गई।
आरोप है कि जब्त किए गए मसालों को मौके पर मौजूद कोटवार और कुछ लोगों ने आपस में बांटना शुरू कर दिया जिससे वहां मौजूद व्यापारियों और राहगीरों में आक्रोश फैल गया और मामला देखते ही देखते बवाल में बदल गया।
दरअसल सड़क किनारे बैठकर मिर्ची बेचने वाले व्यापारियों पर तहसीलदार ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर भर माल जब्त किया था और इसी कार्रवाई से नाराज व्यापारी नगर परिषद कार्यालय में मांधाता विधायक नारायण पटेल से शिकायत करने पहुंचे लेकिन रास्ते में ही उन्होंने देखा कि जब्त माल राजस्व कर्मचारियों के बीच बांटा जा रहा है और सड़क पर बिखर रहा है जिसके बाद वहीं हंगामा खड़ा हो गया।
हालात इतने बिगड़ गए कि विधायक को थाने पर फोन कर पुलिस बुलानी पड़ी करीब तीन घंटे तक कार्यालय परिसर और मुख्य सड़क पर हंगामा चलता रहा सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनोख सिंह सिंधिया दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और 112 पुलिस वाहन भी घटनास्थल पर पहुंचा महिला व्यापारियों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई और खरी खोटी सुनाई।
आखिरकार विधायक की ओर से दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद मामला शांत हुआ लेकिन सवाल अब भी खड़े हैं कि जब्त माल की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी थी और अगर लूटपाट हुई है तो जिम्मेदारों पर क्या सख्त कार्रवाई होगी।

