दबदबा था, दबदबा है और रहेगा…’ ऋतेश्वर जी महाराज के बयान पर भावुक हुए बृजभूषण सिंह, VIDEO हुआ वायरल

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा में नंदिनी निकेतन में आयोजित आठ दिवसीय राष्ट्रकथा कार्यक्रम के दौरान ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। कार्यक्रम में कथावाचक सतगुरु ऋतेश्वर महाराज जी मंच से कथा के दौरान बोलते हुए अचानक भावुक अंदाज़ में बोले, “मैं इनका बाप हूं, मेरा भी दबदबा था, दबदबा है और रहेगा।” इतना सुनते ही कार्यक्रम में मौजूद बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह खुद को संभाल नहीं पाए और मंच पर ही उनकी आंखें भर आईं। देखते ही देखते वे फूट-फूट कर रोने लगे।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल क्लिप में ऋतेश्वर महाराज पंडाल में बैठे श्रोताओं से कहते नजर आ रहे हैं कि उन्होंने पहले भी चेतावनी दी थी और आज फिर चेतावनी दे रहे हैं कि अगर कोई यह समझता है कि भारत में, उत्तर प्रदेश में और गोंडा में सिर्फ बृजभूषण का दबदबा है, तो यहां उनका बाप बैठा है, जिसका भी दबदबा था, है और रहेगा।

ऋतेश्वर महाराज के इस बयान के बाद बृजभूषण शरण सिंह बेहद भावुक हो गए। उन्होंने मंच पर ही अपने आंसू पोंछे और हाथ जोड़कर महाराज का अभिवादन किया। इसके बाद पंडाल में मौजूद लोग भी खड़े होकर अभिवादन करने लगे। माहौल पूरी तरह भावनात्मक हो गया।

गौरतलब है कि यौन शोषण के आरोपों के चलते भारतीय जनता पार्टी ने बृजभूषण शरण सिंह को इस बार टिकट नहीं दिया था। उनकी जगह उनके बेटे करण भूषण सिंह को कैसरगंज से टिकट मिला, जो अब सांसद हैं। बृजभूषण शरण सिंह के समर्थक अक्सर उनके प्रभाव और दबदबे को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो और पोस्ट साझा करते रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *