ग्वालियर। मध्य प्रदेश के बिजली विभाग में काम करने वाले कर्मचारियों के बीच इन दिनों भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। बिजली बिल वसूली और अन्य विभागीय कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों के साथ मारपीट और बदसलूकी की घटनाओं के बाद यह नाराजगी खुलकर सामने आई है। इसी को लेकर ग्वालियर में बिजली कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के नाम पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदेश में बकाया बिजली बिल वसूली और बिजली चोरी पर कार्रवाई तेज होने के बाद कई इलाकों से विवाद और झगड़ों के मामले सामने आए हैं। ग्वालियर समेत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ अभद्रता की घटनाओं ने कर्मचारियों की चिंता बढ़ा दी है। इसी के चलते मध्य प्रदेश संविदा और ठेका श्रमिक कर्मचारी संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में बिजली कर्मचारी एकजुट होकर एसपी कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम आवेदन देकर सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की।
कर्मचारियों का कहना है कि वे सरकार के निर्देश पर अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें जनता के गुस्से और हिंसा का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में बिना सुरक्षा के काम करना मुश्किल हो गया है।
इस मामले पर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार हर संभव कदम उठाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आम जनता के साथ सामंजस्य बना रहे और कर्मचारियों को सुरक्षित माहौल मिले, इसके लिए विभाग स्तर पर जरूरी व्यवस्थाएं की जाएंगी।

