ग्वालियर में एक शादी समारोह के दौरान मेहमान बनकर आई चोरी की गैंग ने दुल्हन की मौसेरी बहन के करीब 30 लाख के सोने के गहने गायब कर दिए। यह घटना पिंटो पार्क स्थित राजकिशोरी मैरिज गार्डन की है, जहां CCTV फुटेज में एक अंजान 17–18 साल की युवती और 13 साल का नाबालिग लड़का कैद हुए हैं। इन्हें ना दुल्हन पक्ष ने पहचाना और ना ही वर पक्ष जानता है, जिसके चलते दोनों पर ही वारदात का शक गहराया है। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है।
दर्पण कॉलोनी थाटीपुर निवासी जागृति सिंह चौहान, जो BJP नेता की भतीजी हैं, अपनी मौसेरी बहन की शादी में शामिल होने गई थीं। जागृति लगभग 25 तोला सोने के गहने एक बैग में प्लास्टिक के डिब्बे में रखकर तैयार होने चली गईं। बारात आने का समय था और सभी परिवारजन स्वागत में दरवाजे पर खड़े थे। तभी सजधज कर आई एक युवती बार-बार जागृति के बिल्कुल पास खड़ी होकर धक्का देने लगी। उसे देखकर लगा कि वह शादी की मेहमान है, इसलिए किसी ने शक नहीं किया।
कुछ देर बाद पता चला कि बैग से गहनों वाला डिब्बा गायब है। अचानक शादी समारोह में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सीसीटीवी चेक करने पर वही युवती और एक 13 साल का लड़का कैमरे में दिखे, जिनके बारे में किसी को कुछ पता नहीं था। पुलिस को आशंका है कि यही दोनों मेहमान बनकर शादी में घुसे और मौके का फायदा उठाकर लाखों के गहने चोरी कर ले गए।
जागृति सिंह के बैग में सोने का बड़ा हार, छोटा हार, मंगलसूत्र, चेन विद पेंडल, 6 सोने की अंगूठियां, एक जोड़ी झुमके और एक जोड़ी बाली रखी हुई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया है और CCTV में नजर आए दोनों की तलाश तेज कर दी है।

