गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी भरा फोन बिहार से आया है, जिसने पुलिस प्रशासन को सतर्क कर दिया है। दरअसल, गोरखपुर के गौतम विहार विस्तार कॉलोनी में रहने वाले प्रवीण शास्त्री को बुधवार रात एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। उस समय वे देवरिया से एक कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे थे। फोन करने वाले ने खुद को बिहार का निवासी बताया और गाली-गलौज करते हुए कहा — “अबकी बार मोदी-योगी सब चले जाएंगे, अपने सांसद को समझा दो, नहीं तो कोई तुम्हें नहीं बचा पाएगा। ये तो सिर्फ ट्रेलर है।” इतना कहकर उसने फोन काट दिया।
प्रवीण शास्त्री ने बताया कि धमकी भरा कॉल आने के बाद वह सहम गए और उन्होंने तुरंत कॉल की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रख ली, जिसे बाद में पुलिस को सौंप दिया गया। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई — अगले ही दिन सुबह उसी नंबर से फिर कॉल आया और दोबारा धमकी दी गई — “देख लेंगे तुम्हें।” लगातार धमकी भरे फोन आने से प्रवीण और उनका परिवार दहशत में हैं और उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
इस मामले में रामगढ़ताल थाना प्रभारी नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने प्रवीण शास्त्री की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल, पुलिस का कहना है कि साक्ष्य मिलते ही दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आपको बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब सांसद रवि किशन को जान से मारने की धमकी मिली हो। इससे पहले भी उन्हें फोन कर धमकी दी गई थी, जिस मामले में गोरखपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया था। हालांकि तब उस धमकी का बिहार से कोई संबंध नहीं था। अब एक बार फिर धमकी बिहार से आने की बात सामने आने के बाद पुलिस मामले को गंभीरता से जांच रही है।
रवि किशन और उनके समर्थकों के लिए यह खबर चिंता का विषय है, जबकि पूरे शहर में इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

