जो लोग गाजा पट्टी पर आंसू बहाते थे… बांग्लादेश मुद्दे पर सदन में CM योगी का तीखा पलटवार, विपक्ष के सवाल पर मचा हंगामा

लखनऊ. बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या को लेकर विधानसभा सदन में जोरदार हंगामा देखने को मिला। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कैसे पता चला कि बांग्लादेश में जिस हिंदू युवक की हत्या हुई, वह दलित था। इसके साथ ही उन्होंने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को शरण देने और पूरे मामले में भारत सरकार की भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े किए। इन आरोपों के जवाब में मुख्यमंत्री योगी ने न सिर्फ स्थिति स्पष्ट की, बल्कि समाजवादी पार्टी पर करारा पलटवार भी किया।

सीएम योगी ने कहा कि तुष्टिकरण की नीति के कारण ही पाकिस्तान और बांग्लादेश का निर्माण हुआ। उन्होंने सदन में कहा कि बांग्लादेश में एक दलित हिंदू को पीट-पीटकर मार दिया गया, लेकिन जो लोग गाजा पट्टी पर आंसू बहाते थे, उनके मुंह से एक शब्द तक नहीं निकला। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उनके लिए दलित, किसान और महिलाएं सिर्फ वोट बैंक हैं। उन्होंने कहा कि अगर देश का विभाजन न हुआ होता तो हिंदुओं पर अत्याचार नहीं होते और आज बांग्लादेश जैसी स्थिति पैदा नहीं होती।

मुख्यमंत्री योगी ने आगे कहा कि जब बांग्लादेश के अवैध प्रवासियों और रोहिंग्याओं को बाहर निकाला जाएगा, तब यही लोग सबसे ज्यादा आंसू बहाएंगे, क्योंकि उनमें से कई इनके वोट बैंक हैं। उन्होंने विपक्ष को चेतावनी देते हुए कहा कि आप लोग पहले ही उत्तर प्रदेश का बहुत नुकसान कर चुके हैं और अब हर मुद्दे को जातीय चश्मे से देखना बंद करें।

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कविता की पंक्तियों के जरिए संदेश देते हुए कहा कि राह में मुश्किलें हजार होंगी, लेकिन अगर दो कदम आगे बढ़ाओगे तो हर सपना साकार होगा, बस चलना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *