भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां AIIMS Bhopal और People’s University को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत बम निरोधक दस्ता तथा डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एहतियातन दोनों परिसरों को खाली करा लिया गया है और गहन सर्चिंग अभियान जारी है।
एम्स अस्पताल को मिली धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। अस्पताल परिसर में हर कोने की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि किसी भी तरह के खतरे को समय रहते टाला जा सके। वहीं निशातपुरा थाना क्षेत्र स्थित पीपुल्स यूनिवर्सिटी को भी 15 दिनों के भीतर दूसरी बार बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बताया जा रहा है कि यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम ने यूनिवर्सिटी परिसर को घेर लिया और सुरक्षा कारणों से छात्रों व स्टाफ को बाहर निकाला गया। जांच एजेंसियां हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले 19 फरवरी को भी पीपुल्स यूनिवर्सिटी को इसी तरह की धमकी मिली थी। उस ईमेल में कॉलेज बिल्डिंग में सायनाइड युक्त बम रखे होने और तय समय पर ब्लास्ट की बात लिखी गई थी। हालांकि उस समय की धमकी अफवाह साबित हुई थी, लेकिन महज 15 दिनों के भीतर दोबारा ऐसी चेतावनी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
फिलहाल पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है और साइबर टीम भी तकनीकी इनपुट खंगाल रही है। पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

