स्कूल में धमकी भरा पोस्टर, 10 लाख की मांग, बम से उड़ाने की चेतावनी से मचा हड़कंप

सतना। मध्यप्रदेश के सतना जिले के कोठी थाना क्षेत्र स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय कठवरिया में उस वक्त हड़कंप मच गया जब स्कूल के नोटिस बोर्ड पर बम से उड़ाने की धमकी वाला पोस्टर चिपका मिला, इस घटना से स्कूल प्रबंधन, शिक्षक और स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया है।

सुबह जब शिक्षक स्कूल पहुंचे तो उनकी नजर इस संदिग्ध पोस्टर पर पड़ी, जिसमें स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी और 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी, पोस्टर में लिखी एक लाइन ने सभी को चौंका दिया जिसमें कहा गया था कि “अतीक मारा गया है, उसके गुर्गे नहीं”, जिससे दहशत और बढ़ गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी, शुरुआती जांच में इसे किसी शरारती तत्व की हरकत माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी सतना में जिला न्यायालय और पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं, जिससे प्रशासन पहले से ही सतर्क है और इस घटना के बाद सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेमलाल कुर्वे ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी, वहीं स्कूल प्रबंधन ने भी पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और छात्रों व अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *