भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में तीन अलग अलग युवतियों पर चाकू से हमले के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए साइबर और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम गठित कर दी है और बदमाश की गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी के मुताबिक तीनों घटनाओं में आरोपी एक ही है और उसका क्राइम पैटर्न भी एक जैसा पाया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी वारदात के वक्त नकाब पहनकर और बिना नंबर प्लेट की बाइक से आता था ताकि पहचान से बच सके। आरोपी की उम्र 35 साल से ज्यादा बताई जा रही है और पुलिस इलाके के एक एक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर उसकी मूवमेंट ट्रेस कर रही है।
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार युवक हिप्स पर चाकू से वार करता दिखाई दे रहा है। पीड़िताओं के मुताबिक वे आरोपी को नहीं जानती थीं और हमला करने के बाद वह उन्हें पास बुलाने की कोशिश भी कर रहा था। घटना के बाद पिपलानी इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम किया जा सके।
जानकारी के अनुसार भोपाल में देर रात नकाब बांधकर आए एक अज्ञात युवक ने तीन अलग अलग युवतियों पर चाकू से हमला किया। दो युवतियों पर पिपलानी इलाके में और एक युवती पर अयोध्या नगर क्षेत्र में हमला किया गया है। तीनों पीड़िताओं की उम्र 19 से 21 साल के बीच बताई जा रही है। पुलिस ने तीनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

