शादी के दबाव से बचने के लिए गर्लफ्रेंड की हत्या, खंडहर में ले जाकर पत्थर से कुचला सिर

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के Anuppur जिले से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जहां प्रेम प्रसंग में युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को खंडहर में छोड़ दिया।

यह पूरा मामला जैतहरी इलाके का है, जहां 15 मार्च को ग्राम गुंवारी स्थित एक पुराने खंडहर मकान से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने अंदर जाकर देखा तो एक युवती का सड़ा-गला शव बरामद हुआ, जिसकी हालत इतनी खराब थी कि पहचान करना मुश्किल हो गया था।

पुलिस ने मौके से मिले सामान और गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर शव की पहचान 24 वर्षीय काजल पुरी के रूप में की, वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोटों को मौत का कारण बताया गया।

जांच में सामने आया कि काजल का प्रेम संबंध जैतहरी निवासी रवि उर्फ ठाकुर साहब उर्फ चन्द्रभान राठौर से था और युवती लगातार शादी का दबाव बना रही थी, लेकिन आरोपी इससे बचना चाहता था।

पुलिस ने साइबर तकनीक और कॉल डिटेल्स के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई, पूछताछ में उसने कबूल किया कि 17 फरवरी को वह काजल को मिलने के बहाने सुनसान खंडहर में ले गया और पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की, मोबाइल की सिम तोड़कर फेंक दी और फोन को दुकान में छिपा दिया, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से मृतका का मोबाइल और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है, फिलहाल मामले की आगे जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *