तम्बाकू की तलब ने ले ली जान, टीकमगढ़ में मामूली विवाद बना खौफनाक हत्याकांड

टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां तम्बाकू न देने की बात पर एक किसान की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अंधे हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। यह पूरी घटना दिगौड़ा थाना क्षेत्र के मझगवां गांव की है।

जानकारी के मुताबिक 11 और 12 जनवरी की दरम्यानी रात किसान साहब सिंह परमार और भगवान दास साहू खेत की मेड़ पर बैठकर आग ताप रहे थे। इसी दौरान साहब सिंह को तम्बाकू की तलब लगी और उसने भगवान दास से तम्बाकू खिलाने को कहा। भगवान दास ने तम्बाकू देने से इनकार किया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और विवाद बढ़ता चला गया।

गुस्से में आकर साहब सिंह परमार ने पास में रखी कुल्हाड़ी उठाई और भगवान दास साहू के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले में भगवान दास की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

सुबह घटना की सूचना मिलने पर दिगौड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, एफएसएल टीम की मदद से सबूत जुटाए गए और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि खेत की मेड़ पर आग तापते समय तम्बाकू को लेकर दोनों किसानों में विवाद हुआ था, जिसके बाद साहब सिंह परमार ने कुल्हाड़ी से हमला कर भगवान दास साहू की हत्या कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

एक मामूली सी तम्बाकू की तलब किस तरह एक इंसान की जान ले सकती है, यह खौफनाक वारदात उसी की दर्दनाक मिसाल बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *