Top 5 Cricket Records in 2025: 19 छक्कों से लेकर 8 विकेट तक, इन रिकॉर्ड्स ने बदल दिया क्रिकेट का इतिहास

क्रिकेट ऐसा खेल है जहां हर मैच के साथ नया इतिहास बनता है और साल 2025 में यह इतिहास कुछ ज्यादा ही खास रहा। जनवरी से दिसंबर तक क्रिकेट के हर फॉर्मेट में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगी रही। किसी ने बल्ले से तूफान मचाया तो किसी ने गेंद से तहलका, और रिकॉर्ड बुक बार-बार बदली। आज हम आपको 2025 के ऐसे ही 5 वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के बारे में बता रहे हैं, जिन्होंने पूरी दुनिया को चौंका दिया और जिनका टूटना आने वाले समय में बेहद मुश्किल नजर आता है।

साल 2025 में सबसे बड़ी सनसनी बने वैभव सूर्यवंशी। महज 14 साल और 272 दिन की उम्र में उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में शतक जड़कर इतिहास रच दिया। वैभव दुनिया के सबसे कम उम्र में लिस्ट ए शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ सिर्फ 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और 84 गेंदों पर 190 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 16 चौके और 15 छक्के शामिल थे।

टी20 क्रिकेट में जहां पूरी टीम मिलकर 10 छक्के लगाने में संघर्ष करती है, वहीं 2025 में न्यूजीलैंड के फिन एलेन ने अकेले ही एक पारी में 19 छक्के ठोक दिए। अमेरिका की मेजर लीग क्रिकेट में वॉशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ खेली गई उनकी 151 रन की पारी ने दुनिया को हैरान कर दिया। टी20 की एक पारी में 19 छक्के इससे पहले कभी नहीं लगे थे।

वेस्टइंडीज के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज शाई होप ने भी 2025 में वनडे क्रिकेट में नया इतिहास रचा। उन्होंने इस साल 13 अलग-अलग देशों के खिलाफ शतक लगाने का कारनामा किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड महेला जयवर्धने और क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने अपने पूरे करियर में 12 देशों के खिलाफ शतक लगाए थे। 13 देशों के खिलाफ शतक के साथ शाई होप अब इस लिस्ट में अकेले सबसे ऊपर हैं।

गेंदबाजी की बात करें तो 2025 में टी20 क्रिकेट ने एक ऐसा रिकॉर्ड देखा, जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया। इंडोनेशिया के गेंदबाज गेडे प्रियांदना ने कंबोडिया के खिलाफ एक ही ओवर में लगातार 5 विकेट झटक लिए। टी20 में जहां 4 ओवर में 5 विकेट लेना मुश्किल होता है, वहां एक ओवर में 5 विकेट लेकर उन्होंने वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

साल 2025 का आखिरी और सबसे चौंकाने वाला रिकॉर्ड बना भूटान के गेंदबाज सोनम येशे के नाम। म्यांमार के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मैच में उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 8 विकेट हासिल किए। टी20 क्रिकेट के इतिहास में यह पहली बार हुआ, जब किसी गेंदबाज ने एक पारी में 8 विकेट लिए। यही वजह है कि यह रिकॉर्ड क्रिकेट इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया।

ये थे 2025 के वो 5 क्रिकेट रिकॉर्ड्स, जिन्होंने खेल की परिभाषा ही बदल दी और फैंस को साल भर रोमांच से भरपूर यादें दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *