मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में एक बुजुर्ग किसान पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया, जिससे खेत में काम कर रहे किसान की हालत गंभीर हो गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक नईगढ़ी थाना क्षेत्र के मौलिया गांव निवासी 60 वर्षीय बाल्मीकि गोस्वामी सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे अपने खेत में सरसों और गेहूं की कटाई कर रहे थे, तभी पास के आम के पेड़ पर बने छत्ते से मधुमक्खियों का झुंड निकलकर उन पर टूट पड़ा।
हमले से घबराए किसान ने अपनी जान बचाने के लिए पास की नदी में छलांग लगा दी, लेकिन तब तक मधुमक्खियों के डंक से वे बुरी तरह घायल हो चुके थे और बेहोश हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है, डॉक्टरों के मुताबिक किसान की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है।

