रांझी में दर्दनाक हादसा – बंदर भगाने गए युवक की हाईटेंशन लाइन से टकराकर मौके पर ही जलकर मौत, धमाके से दहला पूरा इलाका

 जबलपुर। रांझी गोकलपुर क्षेत्र से रविवार देर रात एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। लोअर बनाने के कारखाने में काम करने वाला एक युवक हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही जलकर राख हो गया। हादसा इतना भयावह था कि जैसे ही युवक तार से टकराया, एक जोरदार धमाका हुआ और कुछ ही सेकंड में उसका पूरा शरीर आग की लपटों में घिर गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में बाहर निकल आए, लेकिन जब तक लोग पहुंचे, युवक जलकर खत्म हो चुका था।

रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के अनुसार गोकलपुर निवासी शिवप्रसाद पटेल का लोअर बनाने का कारखाना डेंटल हाउस बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर चलता है, और वहीं मृतक संजय कुमार काम करता था। रात करीब 11 बजे संजय छत पर पहुंचा, तभी अचानक वहां बंदरों का एक झुंड आ गया। संजय उन्हें भगाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन इसी दौरान छत के ऊपर से बेहद करीब गुजर रही हाईटेंशन लाइन से उसका शरीर छू गया। जैसे ही करंट लगा, बड़ा धमाका हुआ और संजय वहीं आग की लपटों में समा गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हाईटेंशन लाइन के कारण पहले भी कई बार खतरा बना है और छोटे-मोटे हादसे हो चुके हैं, लेकिन इस बार हादसा इतना भयानक था कि पूरा इलाका अभी भी सदमे में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *