शाजापुर में दर्दनाक हादसा: खेत में मोटर चालू करते समय करंट की चपेट में आया किसान, अस्पताल में तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम

शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां खेत में काम कर रहे एक किसान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मोटर चालू करने के दौरान डीपी में अचानक फॉल्ट हुआ और देखते ही देखते अन्नदाता काल के गाल में समा गया। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह घटना जिले के रेहली गांव की है। जानकारी के मुताबिक किसान नाथूराम गुर्जर रविवार को अपने खेत में मोटर चालू करने गया था। उसी दौरान बिजली की डीपी में फॉल्ट हो गया और वह तेज करंट की चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस चुका था।

घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण उसे लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेरछा पहुंचे। हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसकी सांसें थम चुकी थीं। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस दर्दनाक हादसे ने परिवार को तोड़कर रख दिया है। घरवालों को यकीन ही नहीं हो रहा कि जो शख्स सुबह खेत पर गया था, वह अब कभी लौटकर नहीं आएगा। गांव में हर आंख नम है और हर कोई यही कह रहा है कि मौत कब और कैसे दस्तक दे दे, कोई नहीं जानता।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *