भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा की जयंती पर विधानसभा परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जहां मुख्यमंत्री मोहन यादव और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित कई जनप्रतिनिधियों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि स्वर्गीय यज्ञदत्त शर्मा का जीवन और कार्यशैली सभी के लिए प्रेरणादायक रही है, उन्होंने विधानसभा की कई महत्वपूर्ण परंपराओं की शुरुआत की और अपने कार्यकाल में बेहतरीन नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत किया, यही वजह है कि आज भी लोग उनके काम को याद करते हैं।
वहीं विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यज्ञदत्त शर्मा का जीवन उपलब्धियों से भरा रहा, वे पेशे से एक सफल वकील थे और इंदौर से चार बार विधायक चुने गए, इसके बाद उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के रूप में कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं और अपने कार्यकाल में नई परंपराएं स्थापित कीं।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में उनके योगदान को याद किया और उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

