लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीरांगना झलकारी बाई की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके साहस व बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि झलकारी बाई भारत की हर बेटी के लिए प्रेरणा हैं और उनकी वीरता की मिसाल आज भी पूरे देश में दी जाती है।
सीएम योगी ने कहा कि मां भारती की सेवा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाली झलकारी बाई का त्याग और बलिदान मातृशक्ति और आत्मसम्मान का अमिट प्रतीक है, उनका जीवन देशभक्ति और साहस की अनूठी मिसाल है।
अपने संदेश में उन्होंने लिखा कि अद्भुत साहस, पराक्रम और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण की प्रतीक झलकारी बाई ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में रानी लक्ष्मीबाई की सेना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए अंग्रेजी सत्ता को चुनौती दी थी और अपने रणकौशल से दुश्मनों के सामने डटकर खड़ी रहीं।
बताया जाता है कि झलकारी बाई ने दुर्गा दल का नेतृत्व करते हुए जिस साहस, धैर्य और वीरता का परिचय दिया, वह भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अद्वितीय है, बुंदेलखंड की धरती पर आज भी उनकी वीर गाथाएं लोकगीतों में गूंजती हैं और लोग उन्हें सम्मान के साथ याद करते हैं।

