बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सावंगा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 25 वर्षीय युवक ने अपनी ही मां, पिता और छोटे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार घटना बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात की है। आरोपी युवक ने लाठी और लोहे की रॉड से अपने माता-पिता और छोटे भाई पर ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी घर के अंदर ही शवों के बीच बैठा रहा और पूरी रात वहीं गुजारी।
सुबह जब ग्रामीणों को घर से संदिग्ध हलचल का आभास हुआ तो उन्होंने झांककर देखा। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। घर में तीन शव पड़े थे और युवक पास ही मौजूद था। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के कारण तीनों की मौत हुई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार किया है, हालांकि वारदात के पीछे की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि युवक लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान था और उसका इलाज भी चल रहा था। मामले की जांच जारी है।

